भाजपा चाहती तो हिमाचल को कर्जमुक्त बना सकती थी : मुख्यमंत्री सुक्खू – भारत केसरी टीवी

भाजपा चाहती तो हिमाचल को कर्जमुक्त बना सकती थी : मुख्यमंत्री सुक्खू

[मदन शर्मा]

Advertisement

भाजपा चाहती तो हिमाचल को कर्जमुक्त बना सकती थी : मुख्यमंत्री
कांग्रेस सेवा दल कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

Advertisement

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कांग्रेस सेवा दल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा सरकार पर हिमाचल प्रदेश को आर्थिक संकट में धकेलने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भाजपा सरकार चाहती तो हिमाचल प्रदेश को कर्जमुक्त राज्य बनाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार को जीएसटी क्षतिपूर्ति (GST Compensation) और राजस्व घाटा अनुदान (Revenue Deficit Grant-RDG) के रूप में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। यदि इनमें से 48 हजार करोड़ रुपये भी प्रदेश का कर्ज चुकाने में लगाए जाते तो हिमाचल कर्जमुक्त हो सकता था, लेकिन भाजपा सरकार ने इन पैसों का उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार को अब तक केवल 17 हजार करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं, जो पिछली सरकार की तुलना में लगभग तीन गुना कम हैं। इसके बावजूद प्रदेश सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं किए। वहीं केंद्र सरकार भी राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) रोककर प्रदेश के वैधानिक अधिकारों से वंचित कर रही है।

उन्होंने कहा कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद वर्तमान सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। भाजपा शासन के दौरान गुणवत्ता शिक्षा में हिमाचल देश में 21वें स्थान पर पहुंच गया था, जबकि कांग्रेस सरकार के सुधारों के बाद प्रदेश अब पांचवें स्थान पर आ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत कर रही है। उत्तर भारत के किसी अन्य सरकारी अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जबकि हिमाचल इस दिशा में अग्रणी राज्य बन चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमकेयर योजना में भारी अनियमितताएं हुईं। भ्रष्टाचार के कारण पुरुष मरीजों के नाम पर भी हिस्टरेक्टॉमी (गर्भाशय निकालने) के फर्जी बिल बनाए गए। उन्होंने कहा कि यह करीब एक हजार करोड़ रुपये का घोटाला है। वर्तमान कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और पिछले साढ़े तीन वर्षों में उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान बद्दी क्षेत्र में लगभग 5,000 बीघा भूमि उद्योगपतियों को मात्र एक करोड़ रुपये में आवंटित कर दी गई और उस पर कोई पंजीकरण शुल्क भी नहीं लिया गया।

अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने युवाओं के हितों की अनदेखी की है, जबकि हिमाचल सरकार लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 1,000 कांस्टेबलों की भर्ती पूरी हो चुकी है तथा जल्द ही 800 और पदों पर भर्ती की जाएगी।

नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विद्यार्थियों और युवाओं के विश्वास के साथ विश्वासघात है। केंद्र सरकार को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए और दोषियों को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस ने जबरन हिरासत में लिया। उन्होंने प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार की भी निंदा की।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राज्य सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस सेवा दल का 103 वर्षों का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दे रही है, जिससे संगठन में सकारात्मक संदेश गया है। उन्होंने सेवा दल को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

विनय कुमार ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार की भी निंदा की तथा इस मुद्दे पर पूरे प्रदेश में कांग्रेस द्वारा विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहकर प्रदेश में कांग्रेस सरकार को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक सुदर्शन बबलू, एचपीएसआईडीसी के अध्यक्ष एवं कांग्रेस सेवा दल के प्रमुख अनुराग शर्मा, कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा, कांग्रेस सेवा दल हिमाचल प्रदेश प्रभारी ज्योति खन्ना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000