विकसित भारत की यात्रा गांवों से शुरू होनी चाहिए : राज्यपाल कविंदर गुप्ता – भारत केसरी टीवी

विकसित भारत की यात्रा गांवों से शुरू होनी चाहिए : राज्यपाल कविंदर गुप्ता

मदन शर्मा

Advertisement

 

Advertisement

विकसित भारत की यात्रा गांवों से शुरू होनी चाहिए : राज्यपाल कविंदर गुप्ता

Advertisement

 

Advertisement

* रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का किया शुभारंभ।

 

* कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत एक आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में बदल रहा है।

 

* समृद्ध गांव, सशक्त किसान और युवा विकसित भारत के सपने को साकार करने की कुंजी : राज्यपाल।

 

* कहा, प्रधानमंत्री की ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल जमीनी स्तर पर अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है।

 

* राज्यपाल ने आगंतुकों से स्थानीय उत्पाद खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का किया आग्रह।

 

* पारंपरिक हिमाचली उत्पादों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से वैश्विक बाजारों से जोड़ने पर दिया जोर।

 

राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। इससे वैश्विक मंच पर देश की स्थिति और मजबूत हुई है।

 

शिमला जिले के रामपुर में ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का विकसित भारत@2047 का विजन एक सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प है, जिसे साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

 

उन्होंने कहा, “एक विकसित भारत का निर्माण केवल दिल्ली में किए गए प्रयासों से नहीं हो सकता। इसका निर्माण हमारे गांवों में होगा, किसानों की समृद्धि, कारीगरों के कौशल और युवाओं के दृढ़ संकल्प से होगा। जब हमारे गांव समृद्ध होंगे और हमारे लोग आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।”

 

आर्थिक सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और अन्य स्वरोजगार योजनाएं कारीगरों, छोटे उद्यमियों और युवाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने के नए अवसर पैदा कर रही हैं।

 

उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने और केवल रोजगार तलाशने वाले बनने के बजाय रोजगार देने वाले बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।

 

प्रधानमंत्री की ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल पर जोर देते हुए राज्यपाल ने मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से विशेष अपील की कि वह मेले के दौरान कम से कम एक स्थानीय रूप से निर्मित उत्पाद अवश्य खरीदे।

 

उन्होंने कहा, “स्थानीय उत्पाद खरीदना केवल एक व्यावसायिक लेन-देन नहीं है, बल्कि यह किसी कारीगर की मेहनत का सम्मान और एक परिवार की समृद्धि में योगदान है। आपकी एक छोटी-सी खरीदारी भी किसी के जीवन में नई उम्मीद ला सकती है।”

 

लगभग 400 वर्ष पुराने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह ऐतिहासिक आयोजन केवल व्यापारिक मेला नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, सदियों पुरानी परंपराओं, पारंपरिक व्यापारिक गतिविधियों, आपसी विश्वास और सामाजिक सद्भाव का उत्सव है।

 

उन्होंने कहा कि यह मेला सदियों से व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यह एकता, भाईचारे और साझा विरासत की भावना को भी दर्शाता है।

 

राज्यपाल ने किन्नौरी टोपी, ऊनी वस्त्रों, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों सहित पारंपरिक हिमाचली उत्पादों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहते हुए आधुनिक शिक्षा और तकनीक को अपनाने का भी आह्वान किया।

 

सतत विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने नागरिकों और पर्यटकों से हिमाचल प्रदेश के संवेदनशील पर्यावरण की रक्षा करने, स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की।

 

राज्यपाल ने रामपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री नंद लाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया।

 

उन्होंने ऐतिहासिक मेले के संरक्षण के लिए आयोजन समिति, जिला प्रशासन और सभी संबंधित पक्षों के प्रयासों की सराहना की।

 

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि विरासत का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है, विकास को आगे बढ़ाना हमारा कर्तव्य है और विकसित भारत का निर्माण हमारा राष्ट्रीय संकल्प है।

 

इससे पहले अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने राज्यपाल और लेडी गवर्नर का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

 

उन्होंने बताया कि मेले के इतिहास में पहली बार स्कूली बच्चों के लिए मेले के इतिहास पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई है, ताकि बच्चे अपने परिवारों और बुजुर्गों के माध्यम से इस ऐतिहासिक मेले के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

 

उन्होंने कहा कि आयोजन समिति ने स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों, बागवानों और लघु उद्योगों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद देने के लिए एक मंच उपलब्ध करवाने के प्रयास किए हैं।

 

उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है और हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने के प्रयास किए गए हैं।

 

नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष कर्ण शर्मा ने भी राज्यपाल का स्वागत किया और लवी मेले को क्षेत्र की विरासत और पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि इस मेले का महत्व पारंपरिक व्यापारिक गतिविधियों से कहीं अधिक है।

 

उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

 

इसके बाद राज्यपाल ने मेले के तहत लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और किन्नौरी सहित अन्य स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों तथा विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।

 

राज्यपाल और लेडी गवर्नर ने फूड स्टॉलों पर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी चखा और हिमाचली खाद्य उत्पादों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, पुलिस अधी

क्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

 

-0-

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000