नौणी विश्वविद्यालय में डिजिटल औद्यानिकी एवं ड्रोन तकनीक के लिए स्थापित होगा उत्कृष्टता केंद्र – भारत केसरी टीवी

नौणी विश्वविद्यालय में डिजिटल औद्यानिकी एवं ड्रोन तकनीक के लिए स्थापित होगा उत्कृष्टता केंद्र

मदन शर्मा

Advertisement

आईटीआई लिमिटेड के सहयोग से 350 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित; सटीक औद्यानिकी, कृषि डेटा इंटेलिजेंस और डिजिटल ट्रेसेबिलिटी को मिलेगा बढ़ावा

Advertisement

 

Advertisement

 

Advertisement

 

नौणी: हिमाचल प्रदेश में औद्यानिकी के डिजिटल रूपांतरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, भारत सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम आई.टी.आई. लिमिटेड, प्रयागराज के साथ मिलकर डिजिटल औद्यानिकी एवं ड्रोन तकनीक के लिए एक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने जा रहा है। इस प्रस्तावित सहयोग के तहत डिजिटल औद्यानिकी, ड्रोन ऐज़ अ सर्विस (डीएएएस), कृषि डेटा इंटेलिजेंस और डिजिटल ट्रेसेबिलिटी से संबंधित अत्याधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 350 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

 

 

 

इस पहल का उद्देश्य उन्नत डिजिटल तकनीकों को वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ जोड़कर सटीक खेती, ड्रोन आधारित फसल निगरानी एवं प्रबंधन, किसानों के लिए डिजिटल परामर्श, कीटनाशक अवशेष परीक्षण तथा उत्पादन से लेकर बिक्री तक उपज की डिजिटल ट्रेसेबिलिटी के माध्यम से औद्यानिकी पद्धतियों में बदलाव लाना है। प्रारंभिक चरण में सेब, अनार और क्षेत्र की अन्य प्रमुख औद्यानिकी फसलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

 

 

 

प्रस्तावित प्रथम चरण के तहत आईटीआई लिमिटेड आवश्यक वित्तीय संसाधन जुटाने के साथ विश्वविद्यालय में इन सुविधाओं की स्थापना के लिए उपकरण, आधारभूत ढांचा, तकनीकी मानव संसाधन और संचालन संबंधी सहयोग उपलब्ध करवाएगा। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, इन सुविधाओं की स्थापना और संचालन पर विश्वविद्यालय को कोई पूंजीगत या परिचालन व्यय नहीं करना होगा। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय को वार्षिक संस्थागत साझेदारी शुल्क भी प्रदान किए जाने का प्रावधान है।

 

 

 

विश्वविद्यालय और आईटीआई लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर 1 दिसंबर, 2026 को विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस के अवसर पर हस्ताक्षर किए जाने प्रस्तावित हैं। यह समझौता उभरती तकनीकों को अपनाने और औद्यानिकी क्षेत्र के डिजिटल रूपांतरण को गति देने की दिशा में विश्वविद्यालय के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

 

इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.एस. बवेजा ने कहा कि यह प्रस्तावित सहयोग उभरती तकनीकों को वैज्ञानिक अनुसंधान और औद्यानिकी में उनके व्यावहारिक उपयोग से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता केंद्र सटीक औद्यानिकी, डिजिटल नवाचार, तकनीकी प्रदर्शन और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित संस्थागत मंच उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ इस प्रकार की रणनीतिक साझेदारियां विश्वविद्यालय की तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के साथ-साथ इसके अनुसंधान एवं शैक्षणिक वातावरण को समृद्ध करेंगी तथा हिमाचल प्रदेश के औद्यानिकी क्षेत्र को अधिक प्रतिस्पर्धी, टिकाऊ और तकनीक आधारित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

 

अनुसंधान निदेशक डॉ. देविना वैद्य ने कहा कि इस सहयोग से बहुविषयक अनुसंधान, वैज्ञानिक प्रमाणीकरण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि कृषि ड्रोन, एग्री-डेटा इंटेलिजेंस, कीटनाशक अवशेष परीक्षण और डिजिटल ट्रेसेब्लिटी जैसी सुविधाएं अनुसंधान, किसानों को परामर्श देने तथा वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों, किसानों और उद्यमियों की क्षमता निर्माण में उपयोगी साबित होंगी।

 

प्रस्तावित उत्कृष्टता केंद्र को तकनीक आधारित औद्यानिकी विकास के एक महत्वपूर्ण संस्थागत मंच के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है, जहां अनुसंधान, नवाचार, डिजिटल समाधान और उनके व्यावहारिक उपयोग को एक साथ लाया जाएगा। इस पहल से औद्यानिकी के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की अग्रणी ज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में भूमिका और सुदृढ़ होने की उम्मीद है। साथ ही, यह किसानों के कल्याण, टिकाऊ उत्पादन और हिमाचल प्रदेश के औद्यानिकी क्षेत्र की दीर्घकालिक समृद्धि में

भी योगदान देगा।

 

 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000