बद्दी में देह व्यापार का भंडाफोड़, गुल्लरवाला में 11 महिलाओं को रेस्क्यू एक महिला समेत 7 आरोपियों पर मामला दर्ज


नालागढ़। भारत केसरी टीवी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के अंतर्गत गुल्लरवाला में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 11 महिलाओं को रेस्क्यू किया और एक महिला सहित सात आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुल्लरवाला स्थित एक किराए की इमारत में अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। इस पर एसपी बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार एसएचओ बद्दी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुख्ता सूचना मिलने के बाद शनिवार देर शाम पुलिस ने उक्त स्थान पर छापेमारी की, जहां देह व्यापार का अवैध कारोबार चल रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 11 महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि सात आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इस संबंध में बद्दी थाना में मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में देह व्यापार के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। रेस्क्यू की गई महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद बीबीएन क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।