5 साल में प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ बनेंगे CBSE सरकारी स्कूल: मुख्यमंत्री सुक्खू – भारत केसरी टीवी

5 साल में प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ बनेंगे CBSE सरकारी स्कूल: मुख्यमंत्री सुक्खू

[MADAN SHARMA]

Advertisement

शिमला, 28 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में नए स्थापित किए गए सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूल अगले पांच वर्षों में राज्य के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों के रूप में उभरेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Advertisement

 

मंगलवार को शिमला स्थित Bishop Cotton School के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है और 156 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा इन स्कूलों में 24 हजार से अधिक छात्रों का नामांकन बढ़ा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के लिए सबसे उपयुक्त राज्य है। उन्होंने कहा कि बिशप कॉटन स्कूल केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि उत्कृष्टता, अनुशासन, नेतृत्व और चरित्र निर्माण की जीवंत परंपरा है, जिसने वर्षों से देश-विदेश में उत्कृष्ट प्रतिभाएँ तैयार की हैं।

 

उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि कॉलेज के दिनों में वह कई बार क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए इस स्कूल आए थे, इसलिए उनका इस संस्थान से विशेष जुड़ाव रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल सफलता प्राप्त करने का लक्ष्य न रखें, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक बनें जो समाज, प्रदेश और देश के विकास में सार्थक योगदान दें। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन, सेवा और दृढ़ता जैसे मूल्य हमेशा प्रासंगिक रहेंगे।

 

उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी प्रगतिशील समाज की सबसे मजबूत नींव होती है और इसी कारण राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षर राज्य बन चुका है।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए कई बड़े सुधार किए हैं। ASER रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल के बच्चों की पढ़ने की क्षमता देश में सबसे बेहतर है। वहीं PARAKH मूल्यांकन में राज्य ने वर्ष 2021 में 21वें स्थान से छलांग लगाकर शीर्ष राज्यों में जगह बनाई है। इसके अलावा शिक्षा मंत्रालय के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में हिमाचल सात स्थानों की बढ़त के साथ देश में छठे स्थान पर पहुंच गया है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्कूल के संस्थापक बिशप जॉर्ज एडवर्ड लिंच कॉटन की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की और स्कूल ध्वज फहराया। उन्होंने स्कूल के छात्रों के माउंटेनियरिंग अभियान-2026 को भी हरी झंडी दिखाई, जो 28 जुलाई से 8 अगस्त तक लेह-लद्दाख में माउंट यालुंग नोंग (6090 मीटर) की चढ़ाई करेंगे।

 

कार्यक्रम में विधायक हरीश जनार्था, मुख्यमंत्री के ओएसडी सौरव चौहान, स्कूल बोर्ड सदस्य मानव सिंह, हेडमास्टर मैथ्यू पी. जॉन, उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000