एचपीवी टीके से सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा, 28 जून को 50,759 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक – भारत केसरी टीवी

एचपीवी टीके से सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा, 28 जून को 50,759 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

[मदन शर्मा ]

Advertisement

 

Advertisement
बालिकाओं को एचपीवी टीके से मिलेगी सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा : अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा
जिला में 1 जून से 30 जुलाई तक चलेगा सघन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा
28 जून को जिला भर में 50,759 पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
चम्बा,
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में आज किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि अभिभावकों और छात्राओं को एचपीवी टीके के महत्व के बारे में जानकारी मिल सके।
उन्होंने बताया कि जिला चम्बा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 5,992 बालिकाएं चिन्हित की गई हैं, जिनमें से 1,729 बालिकाओं का टीकाकरण अभियान पूर्ण किया जा चुका है जो निर्धारित लक्ष्य का 35% है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि 8 से 10 हजार रुपये मूल्य की यह वैक्सीन पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है और यह सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम है। उन्होंने सभी अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा समुदाय के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने बताया कि पात्र बालिकाओं के टीकाकरण के लिए विभाग के यू-विन ऑनलाइन पोर्टल uwin.mohfw.gov.in पर प्री-रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने अतिरिक्त उपायुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि जिला भर में 1 जून से 30 जुलाई तक सघन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान का दूसरा चरण आरम्भ किया गया है। इस संबंध में आज अभियान के दूसरे चरण के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सभी स्वास्थ्य संस्थानों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा उप-स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस और जिंक टैबलेट्स की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं एवं फील्ड स्टाफ के माध्यम से जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि दस्त रोग से प्रभावित बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाना तथा दस्त प्रबंधन सेवाओं को सुदृढ़ करना सुनिश्चित बनाया जाए। अभियान के अंतर्गत सभी स्वास्थ्य संस्थानों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में ओआरएस-जिंक कॉर्नर स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को आवश्यक सामग्री एवं जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
अमित मैहरा ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं द्वारा पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों वाले परिवारों तक घर-घर जाकर ओआरएस एवं जिंक टैबलेट्स वितरित की जाएंगी तथा अभिभावकों को ओआरएस घोल तैयार करने एवं उसके उपयोग की सही विधि के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 28 जून को जिला भर में बच्चों को पिलाई जाने वाली पोलियो की खुराक को लेकर भी चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि आगामी 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिला भर में पांच वर्ष तक की आयु के 50,759 सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले भर में विशेष बूथ स्थापित किए जाएंगे तथा स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें तैनात रहेंगी।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक बलदेव दत्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा, जिला खेल अधिकारी रुपेश कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कविता महाजन जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. कर्ण हितैषी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिरक्षण डॉ. वैभवी गुरंग सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000