Himachal: आज दिल्ली जाएंगे सीएम सुक्खू, हाईकमान से सत्ता-संगठन, मंत्री पद और 2 साल की उपलब्धियों पर होगी चर्चा


हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली के लिए रवाना होंगे, ऐसे में माना जा रहा है कि वह दिल्ली में पार्टी हाईकमान के साथ सत्ता-संगठन से जुड़े मसलों पर चर्चा कर सकते हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला सहित अन्य नेताओं को प्रदेश सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 11 दिसम्बर को बिलासपुर में आयोजित होने वाले समारोह का न्यौता भी दे सकते हैं।
हिमाचल सदन दिल्ली में होगा रात्रि ठहराव
तय शैड्यूल के अनुसार मुख्यमंत्री वीरवार दोपहर बाद शिमला से दिल्ली के लिए हवाई मार्ग से रवाना होंगे। उनका रात्रि ठहराव हिमाचल सदन दिल्ली में होगा। चर्चा यह भी जोर पकड़े हुए है कि सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने से पहले सरकार में रिक्त चल रहे मंत्री के एक पद को भी भरा जा सकता है, साथ ही कुछ निगम व बोर्डों में पार्टी नेताओं की ताजपोशी हो सकती है, ऐसे में इस मसले पर भी मुख्यमंत्री हाईकमान से चर्चा कर सकते हैं। इसी तरह संगठन से जुड़े मसलों पर भी वह प्रदेश प्रभारी से चर्चा कर सकते हैं। सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार के 2 वर्ष की उपलब्धियों को भी हाईकमान के समक्ष रख सकते हैं।
प्रतिभा सिंह शिमला लौटीं
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह बुधवार को दिल्ली से वापस शिमला लौट आईं, ऐसे में अब वह कांग्रेस की प्रदेश से लेकर जिला व ब्लॉक कमेटियों के नए सिरे से गठन की दिशा में आगे बढ़ेंगी। गौर हो कि कमेटियों के गठन को लेकर प्रतिभा सिंह प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से चर्चा कर चुकी हैं।
समारोह की तैयारियों में जुटी सरकार
प्रदेश सरकार 2 वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों में जुट गई है। इसके तहत सभी मंत्री अपने-अपने विभागों की 2 वर्ष की उपलब्धियों का पूरा रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रहे हैं। वहीं मुख्य सचिव भी विभागाध्यक्षों से विकास कार्यों की फीडबैक लेकर प्रोग्रैस को देख रहे हैं। इस संदर्भ में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने बुधवार को विभागाध्यक्षों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की, साथ ही जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।