हिमाचल के इस मशहूर पर्यटन स्थल पर तड़के 3 बजे पुलिस की दबिश, होटल के कूड़ेदान से निकला नशीले पदार्थों से भरा पर्स; 15 लोगों का मेडिकल, दो संचालकों पर केस – भारत केसरी टीवी

हिमाचल के इस मशहूर पर्यटन स्थल पर तड़के 3 बजे पुलिस की दबिश, होटल के कूड़ेदान से निकला नशीले पदार्थों से भरा पर्स; 15 लोगों का मेडिकल, दो संचालकों पर केस

[MADAN SHARMA]

Advertisement

धर्मशाला/मैक्लोडगंज: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज में रेव पार्टी के दौरान नशीले पदार्थों की कथित बरामदगी का मामला सामने आया है। अपर धर्मकोट स्थित एक होटल में सोमवार तड़के कांगड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा। पुलिस की इस कार्रवाई में चिट्टा, अफीम, चरस और गांजा बरामद होने की बात सामने आई है। मामले में दो होटल संचालकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Advertisement

 

तड़के 3 बजे होटल में पहुंची पुलिस की टीम

 

पुलिस के अनुसार, अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम (इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक डांस) हॉस्टल नामक होटल में रेव पार्टी आयोजित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद डीआईजी उत्तरी क्षेत्र सौम्या सांबशिवन के नेतृत्व में कांगड़ा पुलिस की टीम ने सोमवार तड़के करीब 3 बजे होटल परिसर में दबिश दी और तलाशी अभियान चलाया।

 

कूड़ेदान से बरामद हुआ नशीले पदार्थों से भरा पर्स

 

तलाशी के दौरान होटल परिसर के कूड़ेदान से एक काला पर्स बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, पर्स में 0.95 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 3.70 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा व भांग के फूल मिले। पुलिस ने सभी पदार्थों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

दो होटल संचालकों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर

 

इस मामले में पुलिस ने दो होटल संचालकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान आमीर खान निवासी न्यू कच्ची मस्जिद, रायसेन, भोपाल और राधेश रंजन पजोरिया निवासी विक्रम नगर, चित्तौड़गढ़, राजस्थान के रूप में हुई है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने होटल स्थानीय व्यक्ति से लीज पर लिया था। पुलिस को आशंका है कि संगीत और डांस की आड़ में पर्यटकों को नशीले पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पार्टी में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये लिए जा रहे थे। हालांकि, नशीले पदार्थों की आपूर्ति और इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

 

पार्टी में शामिल 15 लोगों का कराया गया मेडिकल

 

पुलिस कार्रवाई के दौरान पार्टी में मौजूद 15 लोगों को हिरासत में लेकर उनका मेडिकल कराया गया। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पार्टी में कौन-कौन लोग शामिल थे और नशीले पदार्थों की कथित आपूर्ति किस माध्यम से की जा रही थी।

 

पुलिस ने दोनों होटल संचालकों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भी जारी किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

23 दिन के भीतर रेव पार्टी पर दूसरी बड़ी कार्रवाई

 

मैक्लोडगंज क्षेत्र में 23 दिन के भीतर रेव पार्टी से जुड़ी यह दूसरी बड़ी पुलिस कार्रवाई बताई जा रही है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच पुलिस अब होटल और पार्टी आयोजनों में नशीले पदार्थों की कथित उपलब्धता से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।

 

पुलिस का प्रयास है कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति के मुख्य स्रोत तक पहुंचा जा सके और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जाए। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से आए और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000