*चम्बा के सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा स्टोप फटने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई*


चंबा मदन शर्मा भारत केसरी टीवी
नगर परिषद चम्बा के सुल्तानपुर वार्ड में खाना बनाते समय स्टोव फटने से एक प्रवासी महिला की मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान ममता कुमारी (26) पत्नी धर्मेंद्र साहनी गांव घाटबड़रा तहसील व जिला मधुबनी बिहार के रूप में हुई है बताया जा रहा है कि महिला रोजाना की तरह शाम को खाना बना रही थी तो इस दौरान अचानक स्टोप फट गया, जिससे स्टोव से निकला तेल व आग उस पर गिर गई। हादसे में महिला करीब 80 प्रतिशत झुलस गई। स्टोप के फटने की आवाज सुनकर आसपास के प्रवासी मजदूर व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद आग से बुरी तरह झुलसी महिला को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज चम्बा ले आए, जहां महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे चम्बा से डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल काॅलेज टांडा रैफर कर दिया गया।
उधर, मेडिकल काॅलेज प्रशासन की सूचना पर चम्बा थाना की पुलिस ने मौके पर आकर परिजनों के बयान दर्ज किए। उसके बाद परिजन महिला को लेकर उपचार के लिए जिले से बाहर निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। रविवार को मेडिकल काॅलेज चम्बा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने महिला की मौत के बारे में जानकारी जुटाना शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने मृतका के माता-पिता से भी बिहार में संपर्क किया तथा उनके बयान दर्ज किए। इसमें माता-पिता की तरफ से किसी प्रकार का कोई शक या आरोप जाहिर नहीं किया गया है।
मेडिकल काॅलेज चम्बा के एमएस अविनाश ने बताय कि स्टोव फटने से महिला करीब 80 प्रतिशत झुलस चुकी थी, जिसके कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे रैफर कर दिया गया था। इस बारे में पुलिस को सूचित कर दिया गया था। उधर, एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बयान दर्ज किए गए हैं। मृतका के माता-पिता से भी दूरभाष के माध्यम से बातचीत हुई है। उनकी तरफ से किसी प्रकार का कोई शक जाहिर नहीं किया गया है।