हिमाचल में 3,100 शिक्षकों की होगी भर्ती, नए CBSE स्कूलों में 2027-28 सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं; शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दी जानकारी – भारत केसरी टीवी

हिमाचल में 3,100 शिक्षकों की होगी भर्ती, नए CBSE स्कूलों में 2027-28 सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं; शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दी जानकारी

मदन शर्मा

Advertisement

शिमला, हिमाचल प्रदेश में नए सीबीएसई संबद्ध स्कूलों के लिए 3,100 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। ये स्कूल शैक्षणिक सत्र 2027-28 से शुरू होंगे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।

Advertisement

 

Advertisement

शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने अब तक लगभग 9,287 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए हैं। इसके अलावा विभाग में 19 इंस्ट्रक्टर, 374 असिस्टेंट प्रोफेसर और नए सीबीएसई स्कूलों के लिए 3,100 शिक्षकों के पद जल्द भरे जाएंगे। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की है। योजना के तहत लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों के आवेदनों में हाल ही में काफी वृद्धि हुई है। सरकार इस योजना के प्रावधानों को और आकर्षक बनाएगी, ताकि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

 

जनजातीय क्षेत्रों में भी होगी शिक्षकों की नियमित भर्ती

 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षकों की नियमित भर्ती की जाएगी। सरकारी छात्रावासों सहित अन्य आवश्यक पदों को भी जल्द आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरा जाएगा। जिन जनजातीय क्षेत्रों में भोटी भाषा का अधिक उपयोग होता है, वहां इस भाषा को बढ़ावा देने के लिए भोटी भाषा के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि जनजातीय और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में बच्चों को कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए उचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। इन क्षेत्रों में तैनात शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को अग्रिम वेतन का भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जाएगा।

 

प्रदेश में सात स्थानों पर बनेंगे केंद्रीय विद्यालय

 

रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में सात स्थानों पर केंद्रीय विद्यालयों का निर्माण किया जाना है। इसके लिए संबंधित जिलों के उपायुक्तों को भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।

 

उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं से शिक्षण संस्थानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए जारी पीडीएनए (Post-Disaster Needs Assessment) फंड का जल्द उपयोग करने के निर्देश भी दिए। क्षतिग्रस्त स्कूलों के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

 

SMC शिक्षकों की भर्ती के लिए जल्द होंगी परीक्षाएं

 

बैठक में पांच प्रतिशत लिमिटेड डायरेक्ट भर्ती (LDR) कोटे के तहत स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) प्रवक्ताओं के पद भरने के लिए जल्द परीक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जेबीटी और टीजीटी शिक्षकों को भी एलडीआर कोटे के तहत दूसरा अवसर देने का निर्णय लिया गया।

 

शिक्षा विभाग के कानूनी मामलों को सुचारू रूप से निपटाने और अनावश्यक देरी रोकने के लिए डिप्टी एडवोकेट जनरल के पद स्वीकृत किए जाएंगे।

 

शिक्षकों और कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया में आएगी तेजी

 

शिक्षा मंत्री ने टीजीटी, पीजीटी, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और ड्राइंग मास्टर सहित शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने बताया कि कॉलेज शिक्षा के लिए एक कॉर्पस फंड बनाया जा रहा है। इस फंड का उपयोग विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए किया जाएगा।

 

कंप्यूटर शिक्षकों के ईपीएफ अंशदान को नियमित अंतराल पर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनके संबंधित खातों में जमा करवाने के निर्देश हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (HPSEDC) को दिए गए।

 

नर्सरी शिक्षकों की भर्ती के लिए NTT कोर्स शुरू करने की तैयारी

 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्री-प्राइमरी शिक्षा व्यवस्था में नर्सरी शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) में दो वर्षीय नर्सरी टीचर ट्रेनिंग (NTT) कोर्स शुरू करने की अनुमति लेने के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) को पत्र लिखा जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में निजी स्कूलों की फीस को नियंत्रित करने के लिए कानून बनाने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा।

 

इसके अलावा व्यावसायिक शिक्षकों के हित में लिए गए फैसलों को जल्द लागू किया जा रहा है। उनकी अन्य जायज मांगों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।

 

बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कुमार कोहली, उच्च शिक्षा एवं समग्र शिक्षा के प्रतिनिधियों सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000