हिमाचल में पर्यटन को मिलेगा बड़ा बूस्ट! 15 हजार करोड़ का निवेश, हवाई सेवाओं के विस्तार पर भी जोर – भारत केसरी टीवी

हिमाचल में पर्यटन को मिलेगा बड़ा बूस्ट! 15 हजार करोड़ का निवेश, हवाई सेवाओं के विस्तार पर भी जोर

मदन शर्मा

Advertisement

 

Advertisement

शिमला, हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में 10,000 से 15,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में उच्चस्तरीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री रविवार को शिमला जिले के नालदेहरा गोल्फ कोर्स में आयोजित कोटी गोल्फ कप-2026 की समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। यह प्रतियोगिता 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित की गई, जिसमें 80 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

 

कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार पर खर्च होंगे 3,000 करोड़

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण पर 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार प्रदेश में उड़ान सेवाओं को समर्थन देने के लिए वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) व्यवस्था के तहत 35 करोड़ रुपये उपलब्ध करवा रही है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार सभी जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। इसके साथ ही शिमला से कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि पर्यटकों को प्रदेश तक पहुंचने में अधिक सुविधा मिल सके।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार से बड़े विमानों का संचालन संभव होगा। इससे प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढ़ने और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

 

60 ईको-टूरिज्म साइटों से मिला 22 करोड़ का राजस्व

 

प्रदेश में टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 60 ईको-टूरिज्म साइटों को लीज पर दिया गया है। इससे राज्य के खजाने को 22 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

 

उन्होंने नालदेहरा गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के खूबसूरत गोल्फ पर्यटन स्थलों में से एक बताया। मुख्यमंत्री ने गोल्फ कोर्स के विकास में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के योगदान की भी प्रशंसा की।

 

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आवश्यक नीतिगत बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने अपने कॉलेज और विश्वविद्यालय के दिनों को याद करते हुए बताया कि वह छात्र जीवन में भी इस क्षेत्र में आया करते थे।

 

गोल्फ कोर्स के विकास के लिए दिए 1.82 करोड़ रुपये

 

इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नालदेहरा गोल्फ कोर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोल्फ कोर्स को पर्यटकों के लिए खोला गया है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गोल्फ कोर्स के विकास के लिए 1.82 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए हैं।

 

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, महाधिवक्ता अनूप रत्न, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह तथा कोटी गोल्फ क्लब और नालदेहरा गोल्फ क्लब के सदस्य एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000