ऐतिहासिक चौगान मैदान चम्बा में आयोजित तीन दिवसीय मेगा प्रदर्शनी ‘आत्मनिर्भर भारत – थर्ड – भारत केसरी टीवी

ऐतिहासिक चौगान मैदान चम्बा में आयोजित तीन दिवसीय मेगा प्रदर्शनी ‘आत्मनिर्भर भारत – थर्ड

मदन शर्मा

Advertisement

ऐतिहासिक चौगान मैदान चम्बा में आयोजित तीन दिवसीय मेगा प्रदर्शनी ‘आत्मनिर्भर भारत – थर्ड डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो 2026’ के दूसरे दिन भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

Advertisement

 

इस विशेष अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एक्सपो के संरक्षक एवं कांगड़ा- चम्बा संसदीय क्षेत्र से सांसद डॉक्टर राजीव भारद्वाज ने की। समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता और अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सांसद डॉ. भारद्वाज ने मुख्य अतिथि राज्यपाल और लेडी गवर्नर को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर विधिवत सम्मानित किया। इस मौके पर सभी अतिथियों ने एक्सपो परिसर में विभिन्न मंत्रालयों और विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा वहां प्रदर्शित अत्याधुनिक तकनीकों और उत्पादों की जानकारी ली।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि वे इस ऐतिहासिक धरा चम्बा में राज्यपाल और लेडी गवर्नर का स्वागत करते हुए अत्यंत रोमांचित और आभारी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष धर्मशाला में इस एक्सपो का आयोजन तत्कालीन राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ था। उस समय उनके मन में यह विचार आया था कि यदि लोकसभा क्षेत्र के कांगड़ा में ऐसा आयोजन हो सकता है, तो चम्बा जैसे दूरदराज क्षेत्र में भी इसका होना नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चम्बा एक आकांक्षी जिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब देश के जिलों की समीक्षा की थी, तब चम्बा को आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल किया गया था। चम्बा का सांसद होने के नाते उनके मन में हमेशा यह तड़प और सपना रहा है कि चम्बा को आकांक्षी से प्रेरणादायी जिला बनाया जाए, जो पूरे राष्ट्र को विकास की एक नई दिशा दिखा सके। सांसद ने आगे कहा कि प्रशासनिक स्तर पर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, वहीं राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ जनप्रतिनिधि भी प्रयासरत हैं ताकि शासन और प्रशासन मिलकर चंबा का कायाकल्प कर सकें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से ही आविष्कार संस्था के सहयोग से इस एक्सपो का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के लगभग 20 मंत्रालयों एवं विभागों के अलावा प्रदेश सरकार और मध्य प्रदेश सरकार ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं। यहां भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो, सीएसआईआर, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, जीएसआई, आईसीएमआर, बीआईएस, ट्राइब्स इंडिया और आयुष जैसे प्रमुख संस्थानों ने अपनी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया है। डॉ. भारद्वाज ने चम्बा की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि चंबा का थाल, चम्बा का रुमाल और चंबा चप्पल पूरे विश्व में विख्यात हैं। जब देश के प्रधानमंत्री इजराइल के दौरे पर गए थे, तब उन्होंने वहां के प्रधानमंत्री को चम्बा का थाल, चम्बा रुमाल और हिमाचली टोपी ही उपहार स्वरूप भेंट की थी, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने चम्बा कला के संवर्धन के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित विभूतियों का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस एक्सपो का मुख्य ध्येय स्थानीय युवाओं को सही दिशा और रोजगार के अवसर प्रदान करना है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।

इसके उपरांत मुख्य अतिथि राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि चम्बा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरती पर इस महत्वपूर्ण एक्सपो में उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और आविष्कार संस्था की पूरी टीम को इस दूरगामी पहल के लिए बधाई दी। राज्यपाल ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से कठिन और दूरदराज होने के बावजूद चम्बा में इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी का आयोजन अपने आप में सराहनीय है। चम्बा केवल एक प्राकृतिक दृष्टि से सुंदर पर्यटन स्थल ही नहीं है, बल्कि यह प्राचीन मंदिरों, लोक संस्कृति, काष्ठ कला और पारंपरिक हस्तशिल्प का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यहां की संस्कृति का जुड़ाव उनके गृह क्षेत्र जम्मू से भी काफी मिलता-जुलता है, जिससे वे यहां एक विशेष आत्मीयता महसूस करते हैं। राज्यपाल ने कहा कि आज का भारत एक अभूतपूर्व परिवर्तनकारी दौर से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकसित भारत 2047 के संकल्प को लेकर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस संकल्प की सिद्धि तभी संभव है जब विकास की किरणें समाज के अंतिम व्यक्ति और दूरदराज के गांवों तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक रूप से समृद्ध होना नहीं, बल्कि ऐसा समाज बनाना है जहां युवाओं को असीम अवसर मिलें, महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण हो, किसानों की उत्पादकता बढ़े और स्थानीय उपक्रमों को व्यापक बाजार मिल सके।

राज्यपाल ने आगे कहा कि आज भारत की रक्षा, विदेश और आर्थिक नीतियां वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं और देश कई बड़े राष्ट्रों को पीछे छोड़ते हुए आगे निकल चुका है। हिमाचल प्रदेश को प्रकृति ने जल संपदा, वन संपदा, औषधीय पौधों और अपार सौंदर्य का वरदान दिया है। इन प्राकृतिक संसाधनों को आधार बनाकर पर्यटन, बागवानी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने पर्यटन को केवल कुछ प्रसिद्ध हिल स्टेशनों तक सीमित न रखकर ग्रामीण, सांस्कृतिक, धार्मिक और साहसिक पर्यटन के साथ- साथ होमस्टे जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। अपने लद्दाख कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि किस प्रकार होमस्टे और बाइकर्स टूरिज्म ने स्थानीय लोगों की आजीविका में सकारात्मक बदलाव लाया था। राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण को विकास के साथ संतुलित रखने की चेतावनी देते हुए कहा कि हिमालयी क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील हैं, इसलिए पिछले वर्षों में आई आपदाओं से सबक लेते हुए हमें सतत और पर्यावरण- अनुकूल विकास का मॉडल अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो केवल एक मेला नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं, वैज्ञानिक उपलब्धियों और तकनीकी प्रगति को आम जनमानस तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्टॉल धारकों और अधिकारियों से आह्वान किया कि वे स्थानीय युवाओं और कारीगरों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करें, उन्हें आधुनिक पैकेजिंग, ब्रांडिंग, डिजिटल विपणन और कौशल विकास का प्रशिक्षण दें। राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि यहां आने वाले युवा नए विचार, नए कौशल और नए संकल्प लेकर लौटेंगे तथा रोजगार पाने वाले बनने के बजाय रोजगार प्रदाता बनकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे। इस अवसर पर स्थानीय विधायक नीरज नैय्यर, चुराह के विधायक डॉ. हंसराज, पूर्व विधायक पवन नैय्यर, पूर्व विधायक बिक्रम जरियाल, पूर्व विधायक जिया लाल कपूर, प्रत्याशी एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैय्यर, चम्बा के उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, आविष्कार संस्था की ओर से मनी तिवारी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, पार्षदगण, गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में स्थानीय लोग तथा स्कूली बच्चे उपस्थित रहे

।

 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000