हिमाचल के स्कूलों में अगले सत्र से नैतिक शिक्षा, काजा स्कूल के लिए हॉस्टल और सुविधाएं बढ़ाने का ऐलान – भारत केसरी टीवी

हिमाचल के स्कूलों में अगले सत्र से नैतिक शिक्षा, काजा स्कूल के लिए हॉस्टल और सुविधाएं बढ़ाने का ऐलान

मदन शर्मा

Advertisement

हिमाचल: अगले शैक्षणिक सत्र से स्कूलों में शुरू होगी नैतिक शिक्षा, काजा के छात्रों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

Advertisement

 

शिमला,  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि प्रदेश के स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र से नैतिक शिक्षा शुरू की जाएगी। इसके लिए पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को स्पीति घाटी के काजा स्थित केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) स्कूल के विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।

 

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मेहनत करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों के सवालों का सहजता से जवाब दिया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।

 

सीबीएसई से जुड़ने पर छात्रों ने जताया आभार

 

विद्यार्थियों ने काजा स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दूरदराज के स्पीति क्षेत्र में सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई करने का अवसर मिलना उनके लिए महत्वपूर्ण है। इससे उन्हें शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।

 

बातचीत के दौरान एक विद्यार्थी ने बताया कि स्कूल में कुल 85 छात्र पढ़ रहे हैं, जिनमें से 46 छात्राएं छात्रावास में रहती हैं। छात्र ने हॉस्टल में रसोइये, सफाई कर्मचारी और महिला वार्डन की कमी का मुद्दा उठाया।

 

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं देने के लिए लड़कों और लड़कियों के अलग-अलग छात्रावास बनाए जाएंगे। शिक्षकों के लिए भी अलग आवासीय भवन विकसित किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में बेहतर स्कूल सुविधाएं विकसित करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।

 

ठंडे कमरों और रोशनी की समस्या होगी दूर

 

विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि कक्षाओं में ठंड और पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण पढ़ाई करने में परेशानी होती है। मुख्यमंत्री ने स्कूल भवन और अन्य सुविधाओं में सुधार के लिए धन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

 

उन्होंने कहा कि स्कूल को अपग्रेड करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और लक्ष्य रखा गया है कि अगले शैक्षणिक सत्र तक यह कार्य पूरा कर लिया जाए।

 

एक छात्र ने पाठ्यक्रम में पर्यावरण अध्ययन को शामिल करने का सुझाव दिया। इस पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पर्यावरण बचेगा, तभी हमारा अस्तित्व भी सुरक्षित रहेगा।

 

स्पीति में पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

 

एक विद्यार्थी ने मुख्यमंत्री से पूछा कि दूसरी बार स्पीति घाटी आने पर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पीति प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर क्षेत्र है।

 

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार यहां पर्यटन से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को विकसित कर रही है। इससे स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पीति में हिमाचल दिवस समारोह आयोजित किए जाने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में आइस हॉकी स्टेडियम बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

 

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी कोचिंग

 

विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष स्पीति के छात्रों के लिए विशेष कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं और पढ़ाई की तैयारी के लिए छात्रों को घाटी से बाहर न जाना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए।

 

मुख्यमंत्री ने इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल्द ही कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। पर्यटन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

 

इस अवसर पर लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा भी उपस्थित रहीं।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000