हिमाचल के चेरी और प्लम पहली बार ओमान पहुंचे, अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिली नई पहचान – भारत केसरी टीवी

हिमाचल के चेरी और प्लम पहली बार ओमान पहुंचे, अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिली नई पहचान

[मदन शर्मा]

Advertisement

 

Advertisement

हिमाचल के चेरी और प्लम पहली बार ओमान निर्यात, बागवानों के लिए खुले अंतरराष्ट्रीय बाजार के नए द्वार

हिमाचल प्रदेश के बागवानी क्षेत्र को बड़ी सफलता मिली है। राज्य से पहली बार ताजा चेरी और प्लम (आलूबुखारा) की निर्यात खेप सफलतापूर्वक ओमान पहुंच गई है। इस उपलब्धि से हिमाचली फलों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार के नए अवसर खुलेंगे और बागवानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है।

पहली खेप में 400 किलोग्राम ताजा चेरी और 400 किलोग्राम ताजा प्लम शामिल थे। इस खेप को बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने रवाना किया था। ओमान पहुंचने पर मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने औपचारिक रूप से प्रचार अभियान का शुभारंभ किया तथा हिमाचल प्रदेश के फलों की उत्कृष्ट गुणवत्ता की सराहना की। फलों को ओमान के विभिन्न खुदरा स्टोरों में आकर्षक प्रदर्शन के माध्यम से उपभोक्ताओं के सामने प्रस्तुत किया गया, जहां उन्हें उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।

यह ऐतिहासिक उपलब्धि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों के अनुरूप संभव हुई है। मुख्यमंत्री ने बागवानी क्षेत्र को मजबूत बनाने तथा हिमाचल के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। राज्य के बागवानी विभाग ने निर्यात प्रक्रिया को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे बागवानों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के माध्यम से बेहतर मूल्य मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय ने किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), सहकारी समितियों, निर्यातकों, एचपीएमसी, राज्य सरकार के विभागों तथा लॉजिस्टिक साझेदारों के साथ समन्वय स्थापित कर इस निर्यात को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी संबंधित पक्षों ने मिलकर अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और फाइटोसैनिटरी मानकों का पालन सुनिश्चित किया।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के बागवानी विभाग और फल उत्पादकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि बागवानों और विभाग के सामूहिक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार हिमाचल के प्राकृतिक रूप से गुणवत्तापूर्ण और प्रीमियम फलों के लिए अपने द्वार खोल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के किसानों और बागवानों के लिए समृद्धि के नए अवसर लेकर आएगी, क्योंकि अब उन्हें उच्च मूल्य वाले वैश्विक बाजारों तक पहुंच मिलेगी। उन्होंने बागवानों से गुणवत्ता, ग्रेडिंग और वैज्ञानिक खेती पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया ताकि हिमाचल प्रदेश विश्व स्तर पर प्रीमियम फलों के विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के रूप में स्थापित हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और बागवानों के साथ हर कदम पर खड़ी है। सरकार तकनीकी मार्गदर्शन, क्षमता निर्माण, गुणवत्ता सुधार, फसल कटाई के बाद की आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विपणन सहायता सहित हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर प्रयासों और सरकारी सहयोग से हिमाचल का बागवानी क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय बाजार में और अधिक प्रतिस्पर्धी बनेगा, जिससे किसानों की आय और आजीविका में उल्लेखनीय सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार बागवानी को अधिक लाभकारी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी क्षेत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए प्रीमियम गुणवत्ता वाले फलों के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा बागवानों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उच्च मूल्य वाले बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसानों की उपज के निर्यात को बढ़ावा देना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बागवानों से उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री अपनाने और वैज्ञानिक खेती के तरीकों को अपनाकर उत्पादकता एवं गुणवत्ता बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार भविष्य में भी किसानों और बागवानों को उनके उत्पादों के विपणन, फसल कटाई के बाद की सुविधाओं के विकास तथा निर्यात को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी, ताकि उन्हें बेहतर मूल्य और अधिक आय प्राप्त हो सके। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ओमान को सफल निर्यात के बाद हिमाचल प्रदेश के फल अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मजबूत पहचान बनाएंगे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000