राजकीय महाविद्यालय रिकांग पीओ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में किन्नौर की बेटियां कर रही उत्कृष्ट प्रदर्शनः जगत सिंह नेगी – भारत केसरी टीवी

राजकीय महाविद्यालय रिकांग पीओ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में किन्नौर की बेटियां कर रही उत्कृष्ट प्रदर्शनः जगत सिंह नेगी

[MADAN SHARMA]

Advertisement
राजकीय महाविद्यालय रिकांग पीओ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित
खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में किन्नौर की बेटियां कर रही उत्कृष्ट प्रदर्शनः जगत सिंह नेगी
रिकांग पीओ,
ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांग पीओ का वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आज महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, सामाजिक सेवा तथा अन्य रचनात्मक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है और इस दौरान अर्जित ज्ञान, अनुशासन एवं संस्कार जीवनभर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि किन्नौर की बेटियों ने बॉक्सिंग के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि रिकांग पीओ महाविद्यालय में भविष्य में बॉक्सिंग रिंग का निर्माण किया जाएगा तथा महाविद्यालय के मैदान में घास लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किन्नौर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 19 से अधिक शिक्षण संस्थानों में रेड स्टोन बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण किया गया है। कल्पा में बहुउद्देशीय स्टेडियम  व  राजीव गांधी डे बोर्डिग स्कूल का निर्माण किया जा रहा है, जबकि रिकांग पीओ के इंडोर स्टेडियम में जिम एवं स्विमिंग पूल का निर्माण भी किया जाएगा।
राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश के 150 विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध किया गया है, जिनमें किन्नौर जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूह, कानम, सांगला, निचार तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परियोजना क्षेत्र भाबानगर भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किन्नौर जैसे जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थी शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
समारोह के दौरान महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों तथा शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को वार्षिक पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री ने महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियों के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने खेलो इंडिया आइस हॉकी प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त करने वाली महाविद्यालय की छात्रा रिगजिन डोलमा को 50 हजार रुपये, राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली अदिति को 30 हजार रुपये तथा अंतर महाविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त करने वाले विश्वजीत, कांस्य पदक प्राप्त करने वाले दीपक तथा वर्ष 2025 के गणतंत्र दिवस समारोह में एनसीसी परेड में भाग लेने वाले ऋषि भास्कर को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें लद्दाखी , पहाड़ी, गरबा, शास्त्रीय और किन्नौरी संस्कृति की समृद्ध परंपरा एवं लोक कला की मनमोहक झलक देखने को मिली।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उत्तम चंद चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की वार्षिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की तथा विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
समारोह में पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्ष प्रतिमा नेगी, उपाधीक्षक पुलिस वरुण पटियाल, उपनिदेशक उच्च शिक्षा कुलदीप डोगरा, पंचायत समिति सदस्य पंगी संयोजक नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, ग्राम पंचायत शुदारंग के प्रधान कुलवंत नेगी, पीटीए प्रधान चंद्र भगत, पूर्व पीटीए प्रधान अजय नेगी, महाविद्यालय के प्राध्यापक जनक सिंह एवं अन्य सहायक प्राध्यापक, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000