बड़सर में शराफत हारी, बेईमानी जीती, CM सुक्खू बोले, प्रदेश वही तरक्की करता है, जहां जनता साथ देती है – भारत केसरी टीवी

बड़सर में शराफत हारी, बेईमानी जीती, CM सुक्खू बोले, प्रदेश वही तरक्की करता है, जहां जनता साथ देती है

[MADAN SHARMA]

Advertisement

 

Advertisement

विधानसभा क्षेत्र बड़सर में शराफत हारी थी और बेइमानी जीत गई। उपचुनाव में पूरे प्रदेश की जनता ने सरकार का साथ दिया, लेकिन बड़सर की जनता का साथ हमें नहीं मिल पाया। बावजूद उसके हमने यहां के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। यह कहना था मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का। शुक्रवार को बड़सर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने मैहरे में मिनी सचिवालय के लोकार्पण के बाद बड़सर की जनता को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि वही प्रदेश तरक्करी करता है, जहां की जनता सरकार का साथ देती है। मुख्यमंत्री ने कहा यहां के सियासतदानों ने षड्यंत्र रचा और सरकार को गिराने का प्रयास किया। यही नहीं, यहां की जनता भी उन षड्यंत्रकारियों के साथ हो ली। उन्होंने इतिहास की ओर इशारा करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में जब प्रो. धूमल को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया गया था, उसके बावजूद हमीरपुर के लोगों ने अपने ही जिले के मुख्यमंत्री को हरा दिया। पूर्व में जब जयराम सरकार सत्ता में रही, तो हमीरपुर से एक भी व्यक्ति मंत्रिमंडल में नहीं लिया गया। ऐसे में यहां के विकास की गति धीमी हुई। पांच साल तक जिले में विकास के नाम पर कुछ नहीं हो सका।

Advertisement

फिर हमारी सरकार बनी, तो उसे भी गिराने का प्रयास किया गया। यहां के चुने हुए एमएलए बीजेपी में चले गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जमाना बदल रहा है। अब दौर कट्टरता का नहीं रहा है, बल्कि विकास का है। जनता को खुद तय करना है कि उन्हें अपने बच्चों के भविष्य के बारे में सोचना है या फिर उन नेताओं के बारे में, जो अपने फायदे के लिए कुछ भी कर सकते हैं। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आपदा प्रभावितों के लिए घोषित 1,500 करोड़ के राहत पैकेज की राशि अभी तक राज्य को प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यहां से लोकसभा और राज्यसभा के मिलाकर बीजेपी के सात सांसद और 28 विधायक हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हम आपकी बात मानेंगे, लेकिन क्या आपमें इस बात का दम है कि आप प्रधानमंत्री ने प्रदेश के लिए 1500 करोड़ लेकर आएंगे।

Advertisement

सीएम सुक्खू का आरोप, पूर्व सरकार ने लूटा प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व बीजेपी सरकार ने प्रदेश को केवल लूटा है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में ठेकेदारों को फायदा देने के लिए 1000 करोड़ की बिल्डिंगें बना दी गईं, जो आज खाली पड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारें उस वक्त जनता को लाभ देने की बात करती थी और नई घोषणाएं करती थीं, जब चुनावों को थोड़ा समय शेष रह जाता था, लेकिन हमारी सरकार हर साल विकास की नई इबारत लिख रही है। आंगनवाड़ी वर्कर सहित अन्यों का मानदेय बढ़ाया जा रहा है। शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा ग्रामीण इलाकों की हालत और अर्थव्यवस्था को सुधारने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यहां किसी को तंग करने नहीं आए हैं बल्कि सेवा करने आए हैं।

पंचायत चुनावों की चिंता छोड़ दें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा पंचायत चुनाव टालने के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम पंचायती राज चुनावों की चिंता छोड़ दें। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश में आपदा के लिए जो घोषणाएं की थी उसे पूरा करने की तरफ ध्यान दें। वहीं भाजपा नेता सुधीर शर्मा द्वारा सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों की ओर मैं ध्यान नहीं देता और न ही देना चाहिए।

बड़सर को 41.52 करोड़ के तोहफे दे गए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को जिला हमीरपुर के बड़सर विधानसभा क्षेत्र का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान यहां उन्होंने 41.52 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। वहीं, मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल बड़सर को 100 बेड का करने और डिग्री कॉलेज बड़सर में अगले सत्र से एमए और एमकॉम की कक्षाएं शुरू करने की भी घोषणा की।

एकदिवसीय दौरे के दौरान बोले मुख्यमंत्री सुक्खू; प्रदेश वही तरक्की करता है, जहां जनता साथ देती है

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000