नाहन में साढ़े तीन साल में कांग्रेस सरकार ने विकास का एक भी नया काम नहीं किया : डॉ. राजीव बिंदल – भारत केसरी टीवी

नाहन में साढ़े तीन साल में कांग्रेस सरकार ने विकास का एक भी नया काम नहीं किया : डॉ. राजीव बिंदल

शिमला ब्यूरो सुभाष शर्मा।      15/05/2026

Advertisement

 

Advertisement

 

नाहन में साढ़े तीन साल में कांग्रेस सरकार ने विकास का एक भी नया काम नहीं किया : डॉ. राजीव बिंदल

भाजपा सरकार बनने पर नाहन के हर वार्ड में पार्किंग, पार्क और स्वच्छ पेयजल की गारंटी : बिंदल

 

कांग्रेस ने मेडिकल कॉलेज, सीवरेज और विकास परियोजनाओं पर लगाया ग्रहण : भाजपा

 

नाहन की जनता महिलाओं से किए झूठे वादों और बंद पड़े विकास कार्यों का जवाब मांगेगी

 

केंद्र में भाजपा, प्रदेश में भाजपा और नाहन में भाजपा बनने पर विकास का नया दौर शुरू होगा

 

नाहन, सुभाष शर्मा। 15 मई 2026

 

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नगर परिषद चुनावों के लिए भाजपा का “हमारा संकल्प” पत्र जारी किया और कांग्रेस सरकार पर नाहन के विकास को रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार नाहन में विकास का एक भी नया कार्य शुरू नहीं कर पाई और केवल जनता को झूठे वादों तथा गारंटियों से भ्रमित किया गया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर नाहन के हर वार्ड में पार्किंग का निर्माण किया जाएगा और शहर के हर क्षेत्र में 12 महीने 30 दिन स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नाहन के प्रत्येक वार्ड में पार्क विकसित करेगी और शहर के विभिन्न स्थानों पर आधुनिक बारात घर एवं सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अमरपुर मोहल्ला स्थित पुराने फाउंड्री क्वार्टर, जो नशे का अड्डा बन चुके थे, उन्हें हटाकर वहां मल्टी स्टोरी पार्किंग, पार्क और सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा फाउंड्री क्षेत्र में वार्ड नंबर 4, 5 और 6 के लिए बड़ी मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक आवागमन के लिए धुआं रहित वाहनों की व्यवस्था की जाएगी तथा कांग्रेस सरकार द्वारा ठंडे बस्ते में डाले गए सीवरेज प्रोजेक्ट को भाजपा सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले ही नाहन में इंडोर स्टेडियम और शूटिंग रेंज का निर्माण करवाया था तथा भविष्य में और खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा कालिस्थान तालाब, रानीताल, रामकुंडी तालाब और विला राउंड जैसे ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण फिर से शुरू किया जाएगा, जिन्हें कांग्रेस सरकार ने रोक दिया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर 500 बिस्तरों वाले अस्पताल को पूरा किया जाएगा और 1000 डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नाहन में वैकल्पिक सड़कों का निर्माण कर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड नाहन में विकास कार्यों को लेकर मजबूत रहा है। भाजपा सरकार के समय नाहन को गिरी नदी का पानी मिला, महाराणा प्रताप पार्क, रानी झांसी पार्क, अंबेडकर पार्क, हिमाचली पार्क और गुरु गोविंद सिंह पार्क बनाए गए। बस अड्डे पर मल्टी स्टोरी पार्किंग, शिमला रोड पर पार्किंग, विजिलेंस कार्यालय, एसपी कार्यालय, बीडीओ कार्यालय तथा हिमाचल की सबसे सुंदर कोऑपरेटिव बैंक बिल्डिंग का निर्माण भाजपा सरकार ने करवाया।

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के 21 स्कूलों, पटवार सर्कलों, पीएचसी, सीएचसी, सब तहसीलों और पशु अस्पतालों पर ताले क्यों लगाए गए? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इन संस्थानों को बंद कर जनता के साथ अन्याय किया और आज तक इसका जवाब नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन नाहन की हजारों महिलाएं आज भी लगभग ₹63,000 की राशि का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री दावा करते हैं कि गारंटी पूरी कर दी गई, लेकिन महिलाओं तक पैसा नहीं पहुंचा, जिससे स्पष्ट है कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक भी नई पार्किंग, पार्क, स्कूल, कॉलेज या अस्पताल शुरू नहीं किया। नगर पालिका की पांच मंजिला बिल्डिंग का निर्माण रोक दिया गया और केवल अधूरी पार्किंग का उद्घाटन कर दिया गया। उन्होंने कहा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के माध्यम से स्वीकृत विकास परियोजनाओं को भी कांग्रेस सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग को खंडहर बना दिया गया और नर्सिंग कॉलेज तथा माता-शिशु अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी कोई कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत ₹70 करोड़ नर्सिंग कॉलेज और ₹20 करोड़ माता-शिशु अस्पताल के लिए दिए गए, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इन परियोजनाओं को आगे नहीं बढ़ाया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने केवल झूठी गारंटियां, बढ़े हुए बिजली बिल और अधूरे वादे दिए हैं, जबकि भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नाहन की जनता भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी समर्थन देकर नगर परिषद में भाजपा की सरकार बनाएगी।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000