उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा में 23 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के किए उद्घाटन और शिलान्यास – भारत केसरी टीवी

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा में 23 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के किए उद्घाटन और शिलान्यास

[मदन शर्मा ]

Advertisement

साहो में जल शक्ति विभाग का उप मंडल खोलने की घोषणा

Advertisement

भारत गांवों में बसता है, गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता : मुकेश अग्निहोत्री

चंबा, 1 अगस्त। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लगभग 23 करोड़ रुपये की पेयजल, सिंचाई और अग्निशमन से जुड़ी विकास परियोजनाओं का मौके पर जाकर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जहां-जहां उप मुख्यमंत्री पहुंचे, स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
उप मुख्यमंत्री ने 6.91 करोड़  रुपये की लागत से चंबा शहर की अग्निशमन व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण कार्य की आधारशिला रखी।
उन्होंने 8.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित संवर्धित पेयजल योजना साच-परेल-सुल्तानपुर का उद्घाटन किया। इस योजना से ग्राम पंचायत साच और द्रमण के लगभग 10 हजार लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध होगा।
उप मुख्यमंत्री ने 1.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहाव सिंचाई योजना भाला-टिपरी-चलेरा का शिलान्यास किया। इस योजना से 42.30 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा उन्होंने 5.94 करोड़ रुपये की लागत से बहाव सिंचाई योजना साहो के पुनर्निर्माण (रीमॉडलिंग) कार्य की आधारशिला रखी। इस परियोजना के पूरा होने पर 76.45 हेक्टेयर भूमि सिंचाई सुविधा से लाभान्वित होगी।

ओबड़ी फ्लैश फ्लड प्रभावित क्षेत्र के लिए 50 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा

दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा विधानसभा क्षेत्र के ओबड़ी में हाल ही में आए फ्लैश फ्लड से प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन से राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक  पुनर्वास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये की विशेष सहायता राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

साहो में जल शक्ति विभाग का उप मंडल खोलने की घोषणा

साहो में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए जल शक्ति विभाग का नया उप मंडल (सब डिवीजन) खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में तेजी आएगी और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होगा।
उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पूरा दिन साहो में रहकर लोगों की शिकायतें सुनें और उनका तत्काल निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

भारत गांवों में बसता है, गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता : मुकेश अग्निहोत्री

साच, भाला और साहो में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत गांवों में बसता है और जनप्रतिनिधियों का गांवों तक पहुंचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक नेता गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं नहीं सुनेंगे, तब तक उनका वास्तविक समाधान संभव नहीं है। यही कारण है कि उन्होंने इन विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास सचिवालय या किसी अन्य स्थान पर न कराकर संबंधित गांवों में जाकर लोगों के बीच किया।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी लोगों की जरूरतों को समझें और उसी के अनुसार अपनी कार्यशैली विकसित करें। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों से कहा कि जहां जनता बस सेवा की मांग कर रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर बसें चलाई जाएं ताकि एचआरटीसी के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल हो रही हैं। जिन मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी, वहां से डीजल बसों को अन्य जरूरत वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भेजा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को परिवहन सुविधा मिल सके।

स्थानीय विधायक नीरज नैय्यर ने क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देने तथा गांवों में पहुंचकर उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के लिए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया।
इस  दौरान पूर्व मंत्री आशा कुमारी, भारती नैय्यर, जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली, पंचायत प्रधान भाला संदीपनी ठाकुर, पंचायत प्रधान साहो ओम प्रकाश, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा तथा वन, जल शक्ति, एचआरटीसी, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

2027 में कौन होगा हिमाचल का मुख्य मंत्री

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Facebook Instagram Twitter Youtube Whatsapp
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000